देहरादून। राजधानी देहरादून में मंगलवार को हुई मूसलाधार बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। लगातार हुई तेज बारिश के चलते वार्ड-62 स्थित ईश्वर विहार क्षेत्र में सड़कें देखते ही देखते नदी में तब्दील हो गईं। हालात इतने गंभीर हो गए कि सड़क पर तेज बहाव के साथ जमा पानी में खड़ी कारें भी बहने लगीं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ ही समय की बारिश के बाद पूरे क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बन गई। सड़क पर तेज बहाव के कारण लोगों को घरों से निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई वाहन पानी में फंस गए, जबकि कुछ खड़ी कारें बहाव की चपेट में आ गईं। घटना के वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
क्षेत्रवासियों ने नगर निगम और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि हर वर्ष बरसात के दौरान यही स्थिति उत्पन्न होती है, लेकिन जल निकासी की स्थायी व्यवस्था आज तक नहीं की गई। लोगों का कहना है कि समय रहते नालों की सफाई और ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त किया जाता तो ऐसी नौबत नहीं आती।
बारिश के कारण शहर के कई अन्य इलाकों में भी जलभराव, ट्रैफिक जाम और लोगों की आवाजाही प्रभावित रही। प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
देहरादून में बारिश का कहर, सड़क पर बहीं कारें




