विकासनगर गोलीकांड में चौंकाने वाला खुलासा कर्ज और एकतरफा प्यार में किया बड़ा कांड

Listen to this article

दून वैली टाइम्स | देहरादून

उत्तराखंड के देहरादून जनपद के विकासनगर क्षेत्र में हुए सनसनीखेज गोलीकांड की जांच में पुलिस के सामने कई अहम तथ्य आए हैं। शुरुआती जांच के अनुसार आर्थिक तंगी, बढ़ता कर्ज और एकतरफा प्रेम में मिली निराशा ने आरोपी कमलेश चौहान को मानसिक रूप से इस कदर विचलित कर दिया कि उसने पहले एक महिला को गोली मार दी और उसके बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना में आरोपी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल महिला का अस्पताल में इलाज जारी है।

रेस्टोरेंट से शुरू हुई पहचान, फिर बढ़ीं नजदीकियां

पुलिस जांच के अनुसार कमलेश चौहान मूल रूप से चकराता क्षेत्र का रहने वाला था। पहले उसने देहरादून में कारोबार किया और कोविड काल के बाद विकासनगर के अस्पताल रोड पर एक फास्ट फूड रेस्टोरेंट शुरू किया।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान महिला अपने बच्चों के साथ रेस्टोरेंट आने लगी, जहां दोनों की पहचान हुई। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और कमलेश का महिला के किराये के मकान पर भी आना-जाना शुरू हो गया। शुरुआत में लोगों ने उसे रिश्तेदार समझा, लेकिन बाद में लगातार आवाजाही चर्चा का विषय बनने लगी।

परिवार की आपत्ति के बाद महिला ने बनाई दूरी

पुलिस के मुताबिक जब महिला के पति और बच्चों को इस संबंध की जानकारी हुई तो उन्होंने इसका विरोध किया। इसके बाद महिला ने कमलेश से दूरी बनानी शुरू कर दी।

जांच में सामने आया है कि महिला की दूरी कमलेश को स्वीकार नहीं हुई। इसी दौरान उसका कारोबार भी घाटे में चला गया और उस पर भारी कर्ज हो गया। पत्नी से पहले ही तलाक हो चुका था, जिससे वह अकेलापन महसूस कर रहा था। पुलिस का मानना है कि इन परिस्थितियों ने उसकी मानसिक स्थिति पर गहरा असर डाला।

घटनास्थल से मिला सुसाइड नोट

पुलिस को घटनास्थल से एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है। नोट में कमलेश ने महिला के प्रति अपनी भावनाओं और नाराजगी का जिक्र किया है। उसने लिखा कि यदि महिला उसकी नहीं हो सकती तो वह उसे किसी और की भी नहीं होने देगा। नोट में साथ जीने और साथ मरने जैसी बातें भी लिखी गई हैं।

हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग की पुष्टि के लिए उसे फोरेंसिक विशेषज्ञों के पास भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह तय होगा कि नोट वास्तव में कमलेश ने ही लिखा था या नहीं।

ऐसे हुआ पूरा गोलीकांड

पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह कमलेश विकासनगर के कल्याणपुर स्थित महिला के घर पहुंचा। उस समय महिला घर के बाहर कपड़े सुखा रही थी। आरोप है कि वह उसे कमरे के अंदर ले गया और दरवाजा बंद कर लिया।

कुछ देर तक दोनों के बीच तेज बहस हुई, जिसकी आवाज आसपास के लोगों ने भी सुनी। इसके बाद लगातार गोलियां चलने की आवाज आई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर कमरे में दाखिल हुई।

कमरे के अंदर कमलेश और महिला दोनों खून से लथपथ पड़े मिले। जांच में कमलेश की मौके पर ही मौत की पुष्टि हुई, जबकि महिला गंभीर हालत में मिली। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

महिला के बयान का इंतजार

पुलिस का कहना है कि फिलहाल जांच घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, कथित सुसाइड नोट और अन्य तकनीकी सबूतों के आधार पर आगे बढ़ रही है। घायल महिला अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। उसके होश में आने और बयान दर्ज होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी।

हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस इस मामले में सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। फोरेंसिक रिपोर्ट, मोबाइल कॉल डिटेल, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और महिला के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह और परिस्थितियां स्पष्ट हो पाएंगी।

About The Author