नंदा की चौकी पुल पूरी तरह सुरक्षित, सिर्फ एप्रोच रोड धंसी; जिम्मेदारों पर होगी कार्रवाई : सचिव लोक निर्माण विभाग

Listen to this article

दून वैली टाइम्स | देहरादून

देहरादून के नंदा की चौकी स्थित नवनिर्मित पुल के संबंध में उठ रही आशंकाओं के बीच लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव पंकज कुमार पांडेय ने स्पष्ट किया है कि पुल पूरी तरह सुरक्षित है। भारी बारिश के कारण पुल की एप्रोच रोड का एक हिस्सा धंस गया है, जिसे युद्ध स्तर पर ठीक करने का कार्य जारी है।

सचिव पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि बीती रात हुई मूसलाधार बारिश के चलते तेज बहाव में एप्रोच रोड के नीचे से मलबा बह जाने के कारण सड़क का एक हिस्सा धंस गया। हालांकि पुल की संरचना पूरी तरह सुरक्षित है और उसमें किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ है।

उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता को तत्काल मौके पर भेजा गया है। उन्हें एप्रोच रोड की शीघ्र मरम्मत कराने के साथ-साथ घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि किसी अधिकारी अथवा संबंधित ठेकेदार की लापरवाही सामने आती है तो उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सचिव ने कहा कि लगातार हो रही बारिश के कारण नदी का जलस्तर और बहाव लगातार बढ़ रहा है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नदी के बहाव को मोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। मौके पर सिंचाई विभाग की टीम भी तैनात है और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ राहत एवं मरम्मत कार्य में जुटे हुए हैं।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रदेश में यदि कहीं भी नई बनी सड़क या पुल कम समय में क्षतिग्रस्त होता है तो उसके निर्माण की गुणवत्ता और तकनीकी पहलुओं की जांच कराई जाएगी। दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं ठेकेदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

सचिव ने बताया कि प्रदेशभर में बारिश के कारण बंद हुई सड़कों को खोलने के लिए लोक निर्माण विभाग युद्ध स्तर पर कार्य कर रहा है। बंद सड़कों की स्थिति विभागीय पोर्टल पर लगातार लाइव अपडेट की जा रही है। विभाग का लक्ष्य है कि अधिकांश बंद मार्गों को 24 घंटे के भीतर यातायात के लिए सुचारु किया जाए।

उन्होंने यह भी बताया कि देहरादून–मसूरी मार्ग पर भी एक स्थान पर नया जलस्रोत सक्रिय होने के कारण बार-बार मलबा सड़क पर आ रहा है। वहां विभागीय टीम भारी मशीनों और आवश्यक उपकरणों के साथ तैनात है ताकि यातायात जल्द से जल्द सामान्य रखा जा सके।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *