दून वैली टाइम्स |देहरादून
उत्तराखंड की राजनीति में विधानसभा चुनाव से पहले एक बार फिर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने स्पष्ट किया है कि यदि कांग्रेस पार्टी उन्हें सहसपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का अवसर देती है तो वह पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेंगे और भाजपा को कड़ी चुनौती देंगे।

सेलाकुई में पत्रकारों से बातचीत के दौरान हरक सिंह रावत ने कहा कि सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में जिस स्तर का विकास होना चाहिए था, वह नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि आज भी क्षेत्र के कई गांव सड़क, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी उन्हें टिकट देती है तो वह जनता के बीच जाकर चुनाव लड़ेंगे और विकास के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे।

हरक सिंह रावत ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके परिवार के कुछ लोगों को ईडी और सीबीआई का डर दिखाकर भाजपा में शामिल कराया गया। उन्होंने दावा किया कि उन्हें भी विभिन्न मामलों में डराने की कोशिश की गई, लेकिन वह किसी दबाव में आने वाले नहीं हैं।

उन्होंने सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता बदलाव चाहती है। उनका दावा है कि वर्ष 2022 जैसी राजनीतिक परिस्थितियां अब नहीं हैं और लोगों में सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ी है।

इस दौरान हरक सिंह रावत ने नंदा की चौकी फ्लाईओवर की एप्रोच रोड धंसने के मामले को भी उठाया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के दौर में पुल निर्माण के कुछ ही समय बाद एप्रोच रोड का धंस जाना निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

हरक सिंह रावत के इस बयान को आगामी विधानसभा चुनावों से पहले सहसपुर सीट की राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि कांग्रेस की ओर से अभी उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
