देहरादून, 1 अगस्त।
टिहरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना को लेकर पिछले कुछ दिनों से सियासी चर्चाओं का बाजार गर्म था। इसी बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं पहल करते हुए स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल और टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय के साथ मुख्यमंत्री आवास में महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में मेडिकल कॉलेज की स्थापना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि टिहरी जैसे भौगोलिक दृष्टि से संवेदनशील और रणनीतिक महत्व वाले जनपद में मेडिकल कॉलेज की स्थापना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि यह संस्थान केवल टिहरी ही नहीं, बल्कि पूरे गढ़वाल मंडल के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में भी नए अवसर प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा के दौरान स्पष्ट किया कि राज्य सरकार जनभावनाओं और क्षेत्रीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इस परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए सकारात्मक और ठोस कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है और इस दिशा में हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को भी खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। टिहरी मेडिकल कॉलेज को लेकर हाल के दिनों में विभिन्न स्तरों पर बयानबाजी और राजनीतिक गतिविधियां तेज थीं। ऐसे समय में मुख्यमंत्री द्वारा दोनों जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मामले पर चर्चा किए जाने को सियासी संदेश के रूप में भी देखा जा रहा है।
बैठक के बाद यह संकेत साफ हैं कि राज्य सरकार टिहरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना के मुद्दे पर गंभीरता से आगे बढ़ रही है और जल्द ही इस दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय सामने आ सकते हैं।
