
देहरादून। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को उत्तराखंड में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का माहौल देखने को मिला। राजधानी देहरादून समेत प्रदेशभर में जगह-जगह तिरंगा फहराया गया और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, अमर शहीदों तथा वीर जवानों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। मुख्य राज्य स्तरीय समारोह राजधानी के परेड ग्राउंड में आयोजित हुआ, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रदेश के 13 श्रेष्ठ खिलाड़ियों तथा पुलिस विभाग के 14 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया। समारोह से पहले मुख्यमंत्री ने अपने शहीद मेख गुरुंग मार्ग स्थित आवास पर भी तिरंगा फहराया। इस दौरान उनकी पत्नी गीता धामी तथा मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी।

शहीदों और वीर जवानों को किया नमन
परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सफेद धोती-कुर्ता, नीली आधी जैकेट और टोपी में नजर आए। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों, वीर बलिदानियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन किया।

मुख्यमंत्री ने देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर सैनिकों, अर्धसैनिक बलों और पुलिस के बहादुर जवानों के प्रति भी कृतज्ञता व्यक्त की। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आई प्राकृतिक आपदाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई और कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।

पूर्व सैनिकों और बलिदानी परिवारों के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वीर सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। देहरादून में सैन्य धाम का निर्माण किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि बलिदानियों के आश्रितों को मिलने वाली अनुग्रह राशि को 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये किया गया है। वहीं परमवीर चक्र विजेताओं के परिवारों को मिलने वाली अनुग्रह राशि 50 लाख से बढ़ाकर 2 करोड़ रुपये की गई है।
बलिदानी परिवार के एक सदस्य को सरकारी सेवा में समायोजित करने के साथ ही सेवारत और पूर्व सैनिकों को 25 लाख रुपये तक की संपत्ति खरीद पर स्टाम्प शुल्क में 25 प्रतिशत की छूट दी जा रही है।
10 हजार विद्यार्थियों को मिलेगी मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग
मुख्यमंत्री ने ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ का भी उल्लेख किया। इसके तहत सरकारी विद्यालयों में कक्षा 11वीं और 12वीं में अध्ययनरत प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी।
योजना के प्रथम चरण में 10 हजार विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा। इसके लिए सरकार ने 7 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है।
खेलों में उत्तराखंड की मजबूत पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन से उत्तराखंड ने खेलों के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। प्रदेश के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय खेलों में 103 पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
उन्होंने बताया कि स्पोर्ट्स लीगेसी प्लान के तहत प्रदेश के 8 शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी। इसके साथ ही महिला स्पोर्ट्स कॉलेज और खेल विश्वविद्यालय के निर्माण पर भी कार्य किया जा रहा है।
CM धामी के 7 बड़े ऐलान
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विकास और युवाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण ऐलान किए।
1. प्रदेश में बनेगा पहला युवा आयोग
युवाओं की समस्याओं, अवसरों और हितों से जुड़े विषयों के लिए प्रदेश के प्रथम ‘युवा आयोग’ की स्थापना की जाएगी।
2. चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क
पर्वतीय क्षेत्रों में रोजगार और उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क स्थापित किए जाएंगे।
3. सीमावर्ती युवाओं, पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को सहायता
सीमावर्ती गांवों के युवाओं, भूतपूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापित करने के लिए अतिरिक्त सहायता और प्रोत्साहन दिया जाएगा।
4. भूमि विनियमितीकरण की समय-सीमा बढ़ेगी
वर्ग-3 एवं वर्ग-4 की भूमि के विनियमितीकरण की समय-सीमा का विस्तार किया जाएगा और पात्र लोगों को भूमिधरी अधिकार दिए जाएंगे।
5. प्रधानमंत्री आवास योजना में राज्यांश बढ़ेगा
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत राज्यांश को 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 75 हजार रुपये किया जाएगा।
6. 18 से 30 वर्ष के युवाओं के लिए स्वरोजगार योजनाएं
मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार एवं उद्यमिता प्रोत्साहन योजना के तहत 18 से 30 वर्ष की आयु के युवाओं के लिए नई योजनाएं शुरू की जाएंगी।
7. उद्यमिता और कौशल प्रशिक्षण को बढ़ावा
IIT और IIM जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के सहयोग से युवाओं को निःशुल्क उद्यमिता एवं कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा। उद्यम स्थापित करने के लिए बैंक ऋण की 30 प्रतिशत राशि सरकार अनुदान के रूप में देगी।
सचिवालय में CS आनंदबर्द्धन ने फहराया तिरंगा
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्य सचिव आनंदबर्द्धन ने सचिवालय में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी। बाद में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।


BJP प्रदेश मुख्यालय में भी हुआ ध्वजारोहण
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पहुंचकर भी ध्वजारोहण किया। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए देश के अमर शहीदों को नमन किया।

राजभवन में हुई हाई टी
स्वतंत्रता दिवस की शाम राजभवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह की ओर से हाई टी का आयोजन किया गया। इसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मंत्रियों, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, सेना के अधिकारियों और अन्य गणमान्य लोगों ने शिरकत की।

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने उपस्थित अतिथियों से मुलाकात कर उन्हें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान सेना के अधिकारियों समेत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित भी किया गया।

हाई टी में मंत्री सुबोध उनियाल, डॉ. धन सिंह रावत, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, मुख्य सचिव आनंदबर्द्धन, DGP दीपम सेठ, प्रमुख सचिव एल. फैनाइ, गृह सचिव शैलेश बगौली, मुख्य सूचना आयुक्त राधा रतूड़ी सहित वरिष्ठ IAS-IPS अधिकारी और सेना के अधिकारी मौजूद रहे।


प्रदेशभर में दिखा देशभक्ति का जोश
80वें स्वतंत्रता दिवस पर उत्तराखंड के शहरों से लेकर दूरस्थ पर्वतीय गांवों तक देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। तिरंगे के रंग में रंगे माहौल में लोगों ने स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के संकल्प को दोहराया।
