देहरादून। ऋषिकेश क्षेत्र के गौहरी माफी और रायवाला में बाढ़ एवं जलभराव से प्रभावित इलाकों का गुरुवार को आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक और विधायक प्रेमचंद्र अग्रवाल ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भू-कटाव, जलभराव और क्षतिग्रस्त पुलिया का जायजा लेते हुए अधिकारियों को राहत एवं सुरक्षा कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान तहसील प्रशासन, जिला आपदा प्रबंधन, सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री और विधायक ने स्पष्ट कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं।
गौहरी माफी में सौंग नदी के बढ़ते कटाव और आवासीय क्षेत्रों में पानी घुसने की समस्या पर विशेष चिंता जताई गई। अधिकारियों को तत्काल सुरक्षात्मक कार्य शुरू करने के साथ-साथ स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
रायवाला खेल मैदान के समीप गौहरी माफी और रायवाला को जोड़ने वाली क्षतिग्रस्त पुलिया का भी निरीक्षण किया गया। मंत्री ने सिंचाई विभाग को पुलिया के पुनर्निर्माण एवं मरम्मत के लिए शीघ्र डीपीआर तैयार कर आवश्यक धनराशि की स्वीकृति हेतु प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।
इसके अलावा रायवाला के अड़वाणी प्लॉट क्षेत्र में जलभराव की समस्या का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों को मानसून के दौरान नियमित पंपिंग के माध्यम से जल निकासी सुनिश्चित करने और स्थायी समाधान के लिए तकनीकी प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए गए।
मंत्री मदन कौशिक और विधायक प्रेमचंद्र अग्रवाल ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए राहत एवं सुरक्षा कार्यों में तेजी लाएं और दीर्घकालिक समाधान पर भी विशेष ध्यान दें।


