डंडे से पीटकर पत्नी की हत्या का आरोप, वारदात के बाद पति फरार; पुलिस ने तलाश के लिए तीन टीमें लगाईं

नैनीताल। नैनीताल जिले के दूरस्थ ओखलकांडा क्षेत्र के खनस्यूं में घरेलू विवाद के बाद एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी की डंडे से पीटकर हत्या करने का आरोप है। वारदात के बाद आरोपी पति फरार हो गया। घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त की रात पारिवारिक विवाद के बाद आरोपी ने अपनी पत्नी पर डंडे से हमला किया। गंभीर चोटों के कारण महिला की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी अपने 10 वर्षीय बेटे को किसी को कुछ न बताने की धमकी देकर फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से डंडा बरामद किया है और फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
मासूम बेटा समझता रहा मां सो रही है
वारदात के बाद मासूम बच्चे काफी देर तक यह समझते रहे कि उनकी मां सो रही है। जब मां के उठने की कोई उम्मीद नहीं रही तो 10 वर्षीय बेटे ने पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
मृतका अपने पीछे चार बच्चों को छोड़ गई है। मां की मौत और पिता के फरार होने से बच्चों के सामने अब पालन-पोषण और भविष्य की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
आरोपी की तलाश में तीन टीमें
पुलिस ने मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमें गठित की हैं। पुलिस की टीमें आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेजा गया है।
