देहरादून। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की ‘परिवर्तन संकल्प रैली’ के बाद कार्यक्रम स्थल के कथित शुद्धिकरण को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने इस घटना पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे संविधान की भावना, सामाजिक न्याय और समानता के मूल सिद्धांतों के खिलाफ बताया है।
प्रीतम सिंह ने कहा कि इस मामले की राज्यसभा में भी भर्त्सना की गई थी और जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था। इसके बावजूद अब तक दोषियों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बयानों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जिस तरह से दोषियों के पक्ष में बयान दिए जा रहे हैं, उससे पूरा प्रकरण और गंभीर हो गया है। उन्होंने सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रीतम सिंह ने कहा कि लोकतांत्रिक और संवैधानिक व्यवस्था में जाति अथवा सामाजिक पहचान के आधार पर भेदभाव की कोई जगह नहीं है। संविधान समानता और सामाजिक न्याय की गारंटी देता है तथा इन मूल्यों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता।
हल्द्वानी में कार्यक्रम स्थल के शुद्धिकरण पर प्रीतम सिंह का हमला, दोषियों पर कार्रवाई की मांग
