देहरादून। जनपद में भारी से बहुत भारी बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने 31 अगस्त को सभी शैक्षणिक संस्थानों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी/अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घंटों में देहरादून जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा तथा बारिश के अत्यंत तीव्र दौर की संभावना है। इसे देखते हुए किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को कम करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
आदेश के अनुसार कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, गैर-सरकारी एवं निजी विद्यालय 31 अगस्त को बंद रहेंगे। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश रहेगा। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
