अवैध खनन की शिकायत पर पहुंची प्रवर्तन टीम, ई-रवाना पोर्टल भी अस्थायी रूप से निलंबित

हरिद्वार। ग्राम बाडीटीप में अवैध खनन की शिकायत के बाद खनन विभाग की प्रवर्तन टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। निदेशक राजपाल लेघा के निर्देश पर विभागीय टीम ने मा गंगा स्टोन क्रेशर का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान क्रेशर का संचालन निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर कई अनियमितताएं सामने आईं।
अनियमितताएं मिलने के बाद खनन विभाग की टीम ने मौके पर ही स्टोन क्रेशर को सीज कर दिया। इसके साथ ही संबंधित क्रेशर का ई-रवाना पोर्टल भी अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। विभाग की इस कार्रवाई से खनन कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
कार्रवाई के दौरान उपनिदेशक/जिला खान अधिकारी अमित गौरव, जिला खान अधिकारी मुख्यालय ताजबर नेगी, मानचित्रकार गौरव खंडूरी समेत विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
खनन विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में अवैध खनन, अवैध परिवहन और खनिजों के अनियमित भंडारण के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों और संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
