उत्तराखंड में अब 3 अक्टूबर को होगा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन

विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत 24.30 लाख नोटिसों में 99% से अधिक की सुनवाई पूरी

देहरादून। उत्तराखंड में मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तारीख आगे बढ़ा दी गई है। भारत निर्वाचन आयोग के नए कार्यक्रम के अनुसार अब प्रदेश में अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 3 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। पहले विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर 2026 को प्रकाशित की जानी थी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सोमवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अनमैप्ड एवं विसंगति वाले मामलों को लेकर जारी किए गए 24 लाख 30 हजार नोटिसों में से 99 प्रतिशत से अधिक मामलों में सुनवाई पूरी की जा चुकी है।

उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने अथवा संशोधन से संबंधित फार्म-6, 7 और 8 की करीब 40 प्रतिशत सुनवाई का कार्य भी पूरा हो चुका है। शेष प्रक्रिया को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के लिए निर्वाचन विभाग की ओर से कार्य जारी है।

28 सितंबर तक दावे-आपत्तियों की सुनवाई

भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई 28 सितंबर 2026 तक की जाएगी। इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए 3 अक्टूबर 2026 को उत्तराखंड की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान मतदाताओं से जुड़े मामलों की सुनवाई और आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया नियमानुसार की जा रही है।

प्रेस कांफ्रेंस के दौरान अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास भी उपस्थित रहे।

About The Author