सहायक खंड विकास अधिकारियों को पदोन्नति के बाद मिली नई जिम्मेदारी; चकराता और डोईवाला समेत प्रदेश के 36 विकासखंडों में तैनाती
देहरादून। उत्तराखंड शासन के ग्राम्य विकास विभाग ने प्रदेश में 36 सहायक खंड विकास अधिकारियों को पदोन्नति देकर खंड विकास अधिकारी (BDO) के पद पर तैनाती के आदेश जारी किए हैं। 8 सितंबर 2026 को जारी कार्यालय आदेश के तहत पदोन्नत अधिकारियों के नए तैनाती स्थल निर्धारित किए गए हैं।
शासनादेश के अनुसार अधिकारियों को लेवल-10, ₹56,100 से ₹1,77,500 के वेतनमान में खंड विकास अधिकारी के पद पर तैनात किया गया है। यह आदेश 22 जुलाई 2026 को जारी पदोन्नति आदेश के क्रम में जारी हुआ है।


चकराता और डोईवाला में भी नई तैनाती
देहरादून जिले के महत्वपूर्ण विकासखंडों चकराता और डोईवाला में भी नई जिम्मेदारी तय की गई है।
मनीष प्रकाश को विकासखंड चकराता तथा राजेन्द्र सिंह बिष्ट को विकासखंड डोईवाला का खंड विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा राजेश कुमार यादव को बाजपुर, नरेश चन्द्र स्याल को नौगांव, राकेश बिष्ट को जौनपुर, रोशन लाल को खिर्सू, रेनू बिष्ट को ताड़ीखेत और शिव सिंह भण्डारी को कर्णप्रयाग समेत प्रदेश के विभिन्न विकासखंडों में तैनाती दी गई है।
पर्वतीय जिलों में भी बड़े स्तर पर तैनाती
शासनादेश के तहत पौड़ी, चमोली, टिहरी, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और ऊधमसिंहनगर समेत कई जिलों के विकासखंडों में अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नई तैनाती से विकासखंड स्तर पर प्रशासनिक कार्यों तथा ग्रामीण विकास योजनाओं के संचालन और निगरानी को गति मिलने की उम्मीद है।
SIR-2026 के बाद संभालेंगे नई जिम्मेदारी
शासनादेश में स्पष्ट किया गया है कि पदोन्नत अधिकारियों को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 की कार्यवाही पूर्ण होने के बाद ही उनके पदोन्नत कार्यस्थल के लिए कार्यमुक्त किया जाएगा।
शासन ने आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू किया है। संबंधित जिलाधिकारियों, मुख्य विकास अधिकारियों और विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
ग्रामीण विकास योजनाओं पर रहेगा फोकस
खंड विकास अधिकारी विकासखंड स्तर पर सरकारी ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन, निगरानी और विभागीय समन्वय में अहम भूमिका निभाते हैं। नई तैनाती के बाद संबंधित विकासखंडों में विकास योजनाओं की मॉनिटरिंग और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
