देहरादून। बड़ोवाला क्षेत्र में बैंककर्मी सत्यम कुमार पर हुई फायरिंग के मामले में दून पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, सत्यम कुमार की दूसरी युवती से सगाई होने से नाराज उसकी पूर्व प्रेमिका मालिया रहमान ने कथित तौर पर उसे रास्ते से हटाने के लिए करीब 5 लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी थी।
पुलिस के अनुसार, हत्या की साजिश को अंजाम देने के लिए शूटर को 1.20 लाख रुपये एडवांस दिए गए थे। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाई।
एसएसपी देहरादून के निर्देशन में पटेलनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद कथित शूटर अंकित चौहान को गिरफ्तार किया। पूछताछ और जांच में सामने आई कड़ियों के आधार पर पुलिस ने मालिया रहमान और उसके साथी मोहित को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अंकुर फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस अब पूरे मामले में साजिश, पैसों के लेन-देन और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
नोट: आरोपियों पर लगाए गए आरोप पुलिस के अनुसार हैं; मामले में अंतिम दोषसिद्धि न्यायालय के निर्णय के अधीन होगी।
