दिव्यांग बच्चों के बीच मुख्यमंत्री धामी ने मनाया जन्म दिवस

बच्चों के साथ केक काटकर साझा की जन्मदिन की खुशियां, आत्मीयता से किया संवाद

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपने जन्म दिवस के अवसर पर देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान पहुंचकर अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों के साथ अपना जन्म दिवस मनाया। मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ केक काटा और उनके बीच रहकर जन्म दिवस की खुशियां साझा कीं।

मुख्यमंत्री ने बच्चों से आत्मीयता के साथ मुलाकात की और उनके बीच जाकर संवाद किया। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके साथ समय बिताया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चे भी उत्साहित और प्रसन्न नजर आए। इस दौरान संस्थान परिसर में आत्मीयता और अपनत्व का माहौल देखने को मिला।

बच्चों के बीच समय बिताना देता है नई ऊर्जा

मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि बच्चों के बीच बिताया गया समय जीवन को नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है। प्रत्येक बच्चे में प्रतिभा और संभावनाएं होती हैं तथा उन्हें आगे बढ़ने के लिए अवसर, प्रोत्साहन और विश्वास मिलना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों का सशक्तिकरण केवल सरकारी प्रयासों तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह समाज की सामूहिक जिम्मेदारी भी है। समाज में प्रत्येक व्यक्ति को समान अवसर, सम्मान और आगे बढ़ने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना सभी की जिम्मेदारी है।

बच्चों को लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए किया प्रेरित

मुख्यमंत्री ने बच्चों से कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास के माध्यम से जीवन की विभिन्न चुनौतियों का सामना किया जा सकता है। उन्होंने बच्चों को अपने लक्ष्य की ओर पूरे विश्वास और उत्साह के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों का स्नेह और उनके चेहरों की खुशी उनके लिए जन्म दिवस का सबसे विशेष और यादगार उपहार है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री की पत्नी श्रीमती गीता पुष्कर धामी, कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी तथा संस्थान के शिक्षक मौजूद रहे।

About The Author