विकासनगर एनएच-507 पर फिर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान

10 दिन की मोहलत खत्म होते ही सड़क पर उतरी विभागीय टीम, बोर्ड-टिनशेड समेत अस्थायी अतिक्रमण हटाया और सामान जब्त

विकासनगर। राष्ट्रीय राजमार्ग-507 पर अतिक्रमण के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत गुरुवार को विभागीय टीम ने एक बार फिर अभियान चलाया। दुकानदारों को पूर्व में दी गई 10 दिन की मोहलत समाप्त होने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग की निर्धारित सीमा में किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई तेज की गई।

अभियान के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों के साथ नगरपालिका कर्मचारियों और पुलिस बल की मौजूदगी रही। टीम ने बाजार क्षेत्र में सड़क एवं निर्धारित सीमा में लगाए गए साइन बोर्ड, टिनशेड और अन्य अस्थायी निर्माण को हटाया। कई स्थानों पर दुकानों के आगे रखे बोर्ड एवं अन्य सामान को टीम ने अपने कब्जे में लिया।

विभागीय टीम के बाजार क्षेत्र में पहुंचते ही अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों में हलचल मच गई। टीम ने मौके पर दुकानदारों को सड़क और राष्ट्रीय राजमार्ग की सीमा से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए तथा कार्रवाई के दौरान सामने आए सामान को हटाया।

फुटपाथ पर खड़े वाहनों को लेकर उठे सवाल

अतिक्रमण हटाओ अभियान के बीच कार्रवाई के दायरे को लेकर सवाल भी सामने आए। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा रही कि कई स्थानों पर फुटपाथ और सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण पैदल राहगीरों को परेशानी होती है। ऐसे में लोगों का सवाल है कि यदि अभियान का उद्देश्य सड़क एवं पैदल आवाजाही को सुचारु करना है, तो फुटपाथ अथवा सड़क किनारे खड़े वाहनों के खिलाफ भी समान रूप से कार्रवाई कब होगी।

10 दिन की मोहलत के बाद दोबारा कार्रवाई

बताया गया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-507 पर अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया पिछले कई दिनों से जारी है। अभियान के शुरुआती चरण में दुकानदारों को स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए 10 दिन का समय दिया गया था। निर्धारित समय समाप्त होने के बाद विभाग ने दोबारा मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की है।

अतिक्रमण हटाने की इस कार्रवाई को लेकर अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि अभियान आगे किन क्षेत्रों तक पहुंचता है और सड़क, फुटपाथ तथा राष्ट्रीय राजमार्ग की निर्धारित सीमा को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए विभाग द्वारा आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।

About The Author