अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी
देहरादून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम के निर्देशों के क्रम में सोमवार को अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम की प्रगति और आगामी प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विस्तृत जानकारी दी गई।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि प्रदेश में मतदाता सूची के संबंध में प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 सितंबर 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत 3 अक्टूबर 2026 को प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ऐसे नागरिक, जो किसी कारणवश मतदाता सूची में अपना नाम शामिल नहीं करा पाए हैं, वे अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए ऑनलाइन ECI-Net अथवा संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के माध्यम से फॉर्म-6 भर सकते हैं। उन्होंने पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित करने की अपील भी की।
बैठक के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को जानकारी दी गई तथा निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर आवश्यक जानकारी साझा की गई।
बैठक में उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित भारतीय जनता पार्टी से राजकुमार पुरोहित, इंडियन नेशनल कांग्रेस से राजेंद्र सिंह भंडारी एवं प्रशांत खंडूरी, बहुजन समाज पार्टी से सत्यपाल एवं सतेंद्र चोपड़ा, आम आदमी पार्टी से अशोक सेमवाल तथा सीपीआई (एम) से अनंत आकाश उपस्थित रहे।




