वीकेंड पर नगर से देहात तक दून पुलिस की ‘नाईट स्ट्राइक’, 1809 वाहन चेक

रात में घूम रहे 1900 से अधिक लोगों से पूछताछ, 35 संदिग्ध थाने लाए गए; 18 शराबी वाहन चालक गिरफ्तार

देहरादून। वीकेंड के दौरान आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दून पुलिस ने 3-4 अक्टूबर की रात जनपद के नगर से लेकर देहात क्षेत्र तक व्यापक “ऑपरेशन नाईट स्ट्राइक” चलाया। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस की अलग-अलग टीमों ने देर रात तक सघन चेकिंग अभियान चलाया।

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने 1809 वाहनों की चेकिंग की तथा रात में आवागमन कर रहे 1900 से अधिक व्यक्तियों से पूछताछ की। संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर 35 संदिग्ध व्यक्तियों को थाने लाकर पूछताछ एवं सत्यापन की कार्रवाई की गई। सत्यापन के बाद संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध 81 पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई।

होटल, बार और पब में भी औचक चेकिंग

नाईट स्ट्राइक के दौरान पुलिस टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्थित होटल, बार, पब, रेस्टोरेंट एवं अन्य प्रतिष्ठानों में औचक चेकिंग की। पुलिस द्वारा संचालकों को निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश भी दिए गए।

शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई

अभियान के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाने वाले 18 वाहन चालकों को गिरफ्तार किया गया तथा उनके वाहनों को सीज किया गया। इसके अलावा यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 30 वाहन चालकों के एमवी एक्ट के तहत चालान किए गए और ₹16,000 का जुर्माना वसूला गया।

वहीं, यातायात नियमों के उल्लंघन पर 65 वाहन चालकों के चालान माननीय न्यायालय के लिए भेजे गए, जबकि 23 वाहनों को सीज किया गया।

एसएसपी देहरादून ने अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाने तथा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जनपद में कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

About The Author