कोटद्वार। धूमाकोट स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की शाखा में बैंक मैनेजर के पद पर कार्यरत 42 वर्षीय गणेश सिंह नेगी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, उनका शव किराये के मकान में रस्सी के सहारे लटका हुआ मिला। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक गणेश सिंह नेगी पुत्र सुरेंद्र सिंह नेगी मूल रूप से शरदापुरी, थाना कंकरखेड़ा, मेरठ के रहने वाले थे। वह करीब दो महीने पहले मुजफ्फरनगर से स्थानांतरण होकर धूमाकोट आए थे और वर्तमान में तहसील धूमाकोट क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहे थे।
परिजनों ने बुधवार से किया था फोन
बताया गया कि गणेश के परिजन बुधवार से लगातार उन्हें फोन कर रहे थे, लेकिन फोन नहीं उठाया गया। गुरुवार सुबह उनके पिता ने बैंक के एक कर्मचारी को फोन कर गणेश से संपर्क करने को कहा। कर्मचारी जब उनके कमरे पर पहुंचा तो दरवाजा खुला हुआ था। अंदर जाने पर गणेश का शव रसोई में रस्सी के सहारे लटका हुआ मिला।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही धूमाकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
दो माह पहले ही हुआ था धूमाकोट तबादला
बताया गया है कि गणेश सिंह नेगी का करीब दो महीने पहले मुजफ्फरनगर से धूमाकोट स्थानांतरण हुआ था। उनकी पत्नी भी उनके साथ धूमाकोट आई थीं और वर्तमान में कोटद्वार में रह रही थीं, जबकि उनके माता-पिता मेरठ में रहते हैं।
धूमाकोट थाना इंचार्ज सुनील पंवार के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस द्वारा मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बैंक मैनेजर ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया।
दून वैली टाइम्स इस घटना के कारणों को लेकर किसी निष्कर्ष का दावा नहीं करता। पुलिस जांच एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
