देहरादून में घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खबर: अब 23 अगस्त तक कराएं EKYC, नहीं तो गैस आपूर्ति होगी बाधित

दून वैली टाइम्स | देहरादून

जनपद देहरादून के घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। भारत सरकार ने घरेलू एलपीजी गैस कनेक्शनों की ई-केवाईसी (EKYC) कराने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 23 अगस्त 2026 कर दी है। इससे पहले यह समय सीमा 15 अगस्त 2026 निर्धारित थी।

जिला पूर्ति विभाग के अनुसार देहरादून जनपद में कुल 7,16,845 घरेलू गैस कनेक्शन हैं। इनमें से अब तक 5,57,546 उपभोक्ताओं ने अपनी ई-केवाईसी पूरी कर ली है, जबकि 1,59,299 उपभोक्ता अभी भी ई-केवाईसी से वंचित हैं। इनमें प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के 9,243 लाभार्थी भी शामिल हैं।

जिला पूर्ति अधिकारी श्री के. के. अग्रवाल ने सभी गैस उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द अपनी ई-केवाईसी पूरी करा लें, ताकि घरेलू एलपीजी सेवाओं का लाभ बिना किसी बाधा के मिलता रहे।

EKYC कराने के तीन आसान तरीके

उपभोक्ता निम्नलिखित माध्यमों से आसानी से अपनी ई-केवाईसी करा सकते हैं—

1. संबंधित गैस एजेंसी पर जाकर।
2. गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी करने वाले डिलीवरी कर्मी के पास उपलब्ध मोबाइल ऐप और बायोमेट्रिक मशीन के माध्यम से।
3. संबंधित तेल विपणन कंपनी (इंडेन, भारत गैस या एचपी गैस) का अधिकृत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर स्वयं भी ई-केवाईसी कर सकते हैं।

समय रहते EKYC नहीं कराई तो होगी परेशानी

जिला पूर्ति विभाग ने स्पष्ट किया है कि 23 अगस्त 2026 तक भी जिन उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी पूरी नहीं होगी, उनकी घरेलू गैस आपूर्ति बाधित हो सकती है। ऐसे उपभोक्ताओं को घरेलू एलपीजी के बजाय व्यावसायिक (कॉमर्शियल) दरों पर गैस उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उन्हें अधिक कीमत चुकानी पड़ सकती है।

प्रशासन ने सभी उपभोक्ताओं से समय रहते ई-केवाईसी पूर्ण कराने की अपील की है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *