उत्तरकाशी, 26 सितंबर 2026। जनपद भ्रमण के दूसरे दिन शनिवार को उत्तराखंड शासन के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गंगोत्री धाम पहुंचकर मां गंगा एवं भगवान काशी विश्वनाथ के दर्शन किए। उन्होंने शक्ति मंदिर में भी विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

पूजा-अर्चना के बाद मुख्य सचिव ने गंगोत्री मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर धाम में श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, पेयजल, स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थाओं पर लगातार नजर बनाए रखने को कहा। उन्होंने विशेष रूप से घाटों की स्वच्छता, नियमित साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि घाटों एवं मंदिर परिसर के आसपास साफ-सफाई व्यवस्था लगातार बेहतर बनी रहे तथा श्रद्धालुओं को दर्शन और स्नान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए संबंधित विभाग नियमित रूप से व्यवस्थाओं की निगरानी करें।
इस दौरान मंदिर समिति सचिव सुरेश सेमवाल, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं मंदिर समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।
