8 साल से सऊदी में फंसे पिता, बेटी ने सरकार से लगाई घर वापसी की गुहार

Listen to this article

उत्तरकाशी। उत्तराखण्ड के उत्तरकाशी जनपद के एक युवा चालक इन्द्रमणि के सऊदी अरब में कठिन परिस्थितियों में फंसे होने का मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो के माध्यम से सामने आया है। परिवार का दावा है कि इन्द्रमणि वर्ष 2018 में रोजगार की तलाश में सऊदी अरब गए थे, लेकिन तब से वह वहां गंभीर परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं और अब तक भारत वापस नहीं लौट सके हैं।
परिजनों के अनुसार, इन्द्रमणि की सुरक्षित स्वदेश वापसी को लेकर पूरा परिवार गहरी चिंता में है। माता-पिता, पत्नी, बच्चों सहित सभी परिजन हर दिन उनकी सकुशल घर वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं। परिवार का कहना है कि लंबे समय से वह संकट में हैं और अब सरकार के हस्तक्षेप से ही उनकी वापसी संभव हो सकती है।
इसी बीच उत्तरकाशी जिले के ग्राम गौरसाड़ा (गाजणा) निवासी इन्द्रमणि की बेटी दीपिका नौटियाल ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपने पिता की सुरक्षित भारत वापसी के लिए भावुक अपील की है। उनका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह प्रदेश और केंद्र सरकार से अपने पिता को जल्द स्वदेश लाने की गुहार लगा रही हैं।
दीपिका का आरोप है कि उनके पिता जब रोजगार के लिए सऊदी अरब पहुंचे तो वहां उनके नियोक्ता ने उनका पासपोर्ट अपने कब्जे में ले लिया, जिसके कारण वह भारत वापस नहीं लौट पा रहे हैं। परिवार का यह भी आरोप है कि उन्हें नियमित वेतन नहीं दिया जा रहा और उनसे बंधुआ मजदूर जैसी परिस्थितियों में काम कराया जा रहा है।
दीपिका ने बताया कि पिछले आठ वर्षों से उन्होंने अपने पिता को नहीं देखा है। परिवार की आर्थिक स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। उनकी मां गृहिणी हैं, 19 वर्षीय भाई है और वह स्वयं पढ़ाई कर रही हैं। परिवार की आजीविका का मुख्य आधार उनके पिता ही हैं, जिसके कारण पूरा परिवार आर्थिक और मानसिक संकट से गुजर रहा है।
दीपिका ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, विदेश मंत्रालय, उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा सांसद अनिल बलूनी को लिखित शिकायत भेजकर अपने पिता की सुरक्षित और शीघ्र स्वदेश वापसी सुनिश्चित कराने की मांग की है।
अब दीपिका नौटियाल ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार से अपने पिता को जल्द भारत वापस लाने की भावुक अपील की है। साथ ही उन्होंने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, प्रवासी भारतीयों और आम नागरिकों से इस मामले में सहयोग करने तथा अपनी आवाज़ बुलंद कर उनके पिता की सुरक्षित स्वदेश वापसी सुनिश्चित कराने में मदद की भी मांग की है।
दीपिका का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बड़ी संख्या में लोग सरकार से इस मामले में मानवीय आधार पर शीघ्र हस्तक्षेप करने और इन्द्रमणि की सुरक्षित स्वदेश वापसी सुनिश्चित कराने की अपील कर रहे हैं।
(नोट: यह समाचार परिवार द्वारा सार्वजनिक रूप से साझा की गई जानकारी, सोशल मीडिया पर जारी अपील और लगाए गए आरोपों पर आधारित है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।)
— दून वैली टाइम्स

DoonValleyTimes

About The Author