धारी देवी तक कई किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार, बारिश के बीच यात्री हुए परेशान
श्रीनगर गढ़वाल। शनिवार को हुई तेज बारिश के चलते ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। सिरोबगड़ के समीप पहाड़ी से लगातार मलबा और पत्थर गिरने के कारण हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई और जाम की स्थिति बन गई।

बताया जा रहा है कि सिरोबगड़ क्षेत्र में मलबा गिरने के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। देखते ही देखते वाहनों की कतार कई किलोमीटर तक पहुंच गई और धारी देवी मंदिर क्षेत्र तक वाहनों की लंबी लाइन नजर आई। बारिश के बीच जाम में फंसे यात्रियों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सिरोबगड़ क्षेत्र बदरीनाथ हाईवे का संवेदनशील भूस्खलन क्षेत्र माना जाता है। बारिश के दौरान यहां पहाड़ी से मलबा और बोल्डर गिरने से यातायात बार-बार प्रभावित होने की स्थिति बनती रही है।
मार्ग पर मलबा आने की सूचना के बाद संबंधित विभाग की टीम सड़क को साफ करने और यातायात व्यवस्था सुचारू करने में जुटी रही। लगातार बारिश के बीच हाईवे पर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करते हुए मार्ग को सुरक्षित बनाने के प्रयास किए गए।

बारिश के बीच यात्रियों को सतर्क रहने की जरूरत
मौसम विभाग ने 26-27 सितंबर के दौरान उत्तराखंड में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, मलबा गिरने और सड़कें बाधित होने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में बदरीनाथ सहित पर्वतीय क्षेत्रों की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों से मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।
