उत्तरकाशी में वरुणा नदी में नहाने गया 18 वर्षीय अनमोल जोशी तेज बहाव में बहा, सर्च अभियान जारी

Listen to this article

दून वैली टाइम्स | उत्तरकाशी

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। जिले की वरुणा नदी में दोस्तों के साथ नहाने गया 18 वर्षीय युवक तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन द्वारा युवक की तलाश के लिए लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ज्ञानसू निवासी अनमोल जोशी (18 वर्ष), पुत्र महेश जोशी रविवार दोपहर अपने कुछ दोस्तों के साथ बडेथी चुंगी के समीप वरुणा नदी में नहाने गया था। बताया जा रहा है कि नदी में नहाने के दौरान अनमोल ने छलांग लगाई, लेकिन तेज बहाव के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह देखते ही देखते नदी की तेज धारा में बहने लगा।

अनमोल को बहता देख उसके साथ मौजूद दोस्तों ने शोर मचाकर स्थानीय लोगों से मदद मांगी। आसपास मौजूद लोगों ने युवक को बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन नदी का तेज बहाव होने के कारण उसे सुरक्षित बाहर नहीं निकाला जा सका और वह आंखों के सामने ही नदी में ओझल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने वरुणा नदी के विभिन्न हिस्सों के साथ-साथ गंगा नदी तक व्यापक सर्च अभियान शुरू किया। देर शाम तक युवक का कोई पता नहीं चल सका। प्रशासन ने बताया कि जब तक युवक का पता नहीं चल जाता, तब तक खोज अभियान लगातार जारी रहेगा।

घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भी नदी और अन्य जल स्रोतों के आसपास विशेष सावधानी बरतने की अपील की है, विशेषकर बरसात के मौसम में जब नदियों का जलस्तर और बहाव अचानक बढ़ जाता है।

About The Author