देहरादून। फ्लाइंग कार के निर्माण पर काम कर रहे युवा नवोन्मेषक एवं स्टार्टअप उद्यमी रवि टमटा ने मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। इस दौरान टमटा ने मुख्यमंत्री को अपने फ्लाइंग कार प्रोजेक्ट के तकनीकी नवाचार, अब तक की प्रगति और भविष्य की कार्ययोजना की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री धामी ने रवि टमटा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में तकनीक, प्रतिभा और नवाचार की अपार संभावनाएं हैं। सरकार ऐसे युवाओं को उनके नए विचारों और तकनीकी प्रयोगों को धरातल पर उतारने के लिए हरसंभव सहयोग देगी।
मुख्यमंत्री ने सचिव उद्योग को निर्देश दिए कि रवि टमटा के स्टार्टअप को नियमानुसार आवश्यक शासकीय सहयोग एवं सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जाए। साथ ही, प्रचलित स्टार्टअप एवं औद्योगिक नीतियों के तहत उपलब्ध सुविधाओं का लाभ दिलाने की संभावनाओं का परीक्षण करने के निर्देश दिए।
सीएम धामी ने कहा कि आज का दौर तकनीक और नवाचार का है। उत्तराखंड के युवा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और एयरोस्पेस जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पर्वतीय राज्य में नई तकनीकों के जरिए भविष्य में दुर्गम क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को मजबूत करने की संभावनाएं भी तलाश की जा सकती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे प्रोजेक्ट्स में तकनीकी, सुरक्षा और नियामकीय मानकों का पालन जरूरी है। उन्होंने रवि टमटा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार प्रदेश के प्रतिभावान युवाओं को बेहतर स्टार्टअप और इनोवेशन इकोसिस्टम उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
