कार पार्किंग को लेकर सरेराह मारपीट, चार आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। कार पार्किंग को लेकर हुए विवाद के बाद सरेराह मारपीट करने और कार में तोड़फोड़ करने के मामले में बसंत विहार थाना पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहनों को भी सीज कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त को कैलाशपुरी, बल्लूपुर रोड निवासी नवीन भाटिया ने थाना बसंत विहार में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि कार पार्किंग को लेकर साहिल नामक युवक से कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि इसके बाद साहिल अपने अन्य साथियों के साथ भारत पेट्रोल पंप, चकराता रोड के पास पहुंचा और उनके साथ मारपीट करते हुए कार को क्षतिग्रस्त कर दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटना स्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य माध्यमों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 25 अगस्त को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में मोन्टू सोनकर (24), निवासी जीएमएस रोड, माजरा; सोहेल सोनकर (19), निवासी कांवली रोड, बल्लीवाला; कुणाल सोनकर (21), निवासी कांवली रोड, कोतवाली नगर और साहिल (22), निवासी तरकीमपुर रूपचंद, बिजनौर, उत्तर प्रदेश शामिल हैं।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहनों को भी सीज किया है। दून पुलिस की कार्रवाई से सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था बिगाड़ने और मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त रुख का संदेश गया है।

About The Author