डोईवाला BDC बैठक में छाए बिजली, पानी और सड़क के मुद्दे, अनुपस्थित अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश

डोईवाला। डोईवाला विकासखंड सभागार में मंगलवार को क्षेत्र पंचायत (BDC) की महत्वपूर्ण बैठक ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में ग्राम पंचायतों से पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने बिजली, पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, वन और सिंचाई से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। कई विभागों के अधिकारियों के बैठक में अनुपस्थित रहने पर ग्राम प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने नाराजगी जताई।

खदरी खड़कमाफ में विद्युत व्यवस्था को लेकर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि आए दिन ट्रांसफार्मर फुंकने, लो-वोल्टेज और घंटों बिजली गुल रहने से ग्रामीण परेशान हैं। जर्जर विद्युत तार और खंभे बदलने तथा बिजली बिलों की गड़बड़ियां दूर करने की मांग की गई।

बुल्लावाला, मारखमग्रांट समेत कई गांवों में पेयजल लाइनों में लीकेज का मुद्दा भी उठाया गया। जनप्रतिनिधियों ने बताया कि टैंक से पानी बंद होने के बाद गड्ढों का गंदा पानी घरों तक पहुंच रहा है। साथ ही कई उपभोक्ताओं को लंबे समय से पानी के बिल नहीं मिलने की शिकायत भी दर्ज कराई गई।

बरसात के बाद ग्रामीण सड़कों की बदहाल स्थिति पर भी जनप्रतिनिधियों ने चिंता जताई। जगह-जगह गहरे गड्ढे और क्षतिग्रस्त संपर्क मार्गों के कारण स्कूली बच्चों, महिलाओं और ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। सड़कों की तत्काल मरम्मत और डामरीकरण की मांग की गई।

वन विभाग से जुड़े मुद्दों में जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान और आबादी क्षेत्रों में हाथी व गुलदार की दस्तक का मामला प्रमुख रहा। ग्रामीणों ने सुरक्षा के लिए सोलर फेंसिंग लगाने और वन विभाग की गश्त बढ़ाने की मांग की। सिंचाई विभाग से नहरों व गूलों की सफाई और मरम्मत कराने तथा नदी किनारे पुश्तों का निर्माण कराने की मांग रखी गई, ताकि बरसात में कृषि भूमि को कटाव से बचाया जा सके।

बैठक में प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों की कमी तथा स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर और दवाइयों की कमी का मुद्दा भी उठाया गया।

ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने कहा कि जनप्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों की ज्वलंत समस्याओं को बेबाकी से रखा है। कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य मामलों में संबंधित विभागों ने जल्द निस्तारण का आश्वासन दिया है। बैठक में अनुपस्थित विभागों के अधिकारियों को नोटिस जारी किया जाएगा।

कनिष्ठ प्रमुख बीना देवी ने खदरी खड़कमाफ की विद्युत व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। वहीं खदरी के ग्राम प्रधान शांति प्रसाद थपलियाल ने विद्युत और लोक निर्माण विभाग से जुड़े मुद्दे उठाते हुए नदी किनारे पुश्तों के निर्माण की मांग की। उन्होंने कहा कि हर साल बरसात में नदी का जलस्तर बढ़ने से कई बीघा उपजाऊ भूमि कटाव की चपेट में आ जाती है।

खंड विकास अधिकारी परशुराम शकलानी ने कहा कि बैठक में उठाई गई जन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा। संबंधित विभागों को समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक से अनुपस्थित अधिकारियों की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी और अगली बैठक में उनकी उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाएगी।

बैठक में खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, जल संस्थान, विद्युत, कृषि समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author