कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर परामर्शदात्री समिति की बैठक संपन्न

Listen to this article

हितधारकों के सुझावों को योजनाओं में शामिल कर मेले को बनाया जाएगा भव्य, दिव्य और सुरक्षित : सोनिका

हरिद्वार। कुंभ मेला 2027 की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर मेला नियंत्रण भवन में परामर्शदात्री समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मेलाधिकारी सोनिका ने की। बैठक में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (कुंभ) आयुष अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों, सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक एवं नागरिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।

बैठक में आगामी कुंभ मेले के भव्य, दिव्य, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। प्रतिभागियों ने शासन-प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

मेलाधिकारी सोनिका ने कहा कि कुंभ मेला विश्व का सबसे बड़ा आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन है, जिसमें देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं। ऐसे विशाल आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी विभागों, स्थानीय निकायों, धार्मिक संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों के समन्वित सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि स्थानीय हितधारकों से प्राप्त सुझावों के आधार पर व्यवस्थाओं का आकलन कर आवश्यक सुधार किए जा रहे हैं तथा उपयोगी सुझावों को योजनाओं में शामिल किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कुंभ क्षेत्र में अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए युद्धस्तर पर कार्य चल रहा है। सड़कों के चौड़ीकरण, घाटों के विकास, पैदल मार्गों के निर्माण, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता प्रबंधन तथा पार्किंग सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। साथ ही प्रमुख मार्गों पर संकेतक बोर्ड, सूचना केंद्र एवं डिजिटल सूचना प्रणालियों का भी विकास किया जा रहा है।

भीड़ प्रबंधन को मेले की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक बताते हुए सोनिका ने कहा कि आधुनिक तकनीक, डिजिटल मॉनिटरिंग, सीसीटीवी नेटवर्क तथा सुरक्षा एजेंसियों के सहयोग से प्रभावी व्यवस्था विकसित की जा रही है। यातायात और भीड़ नियंत्रण के लिए व्यवहारिक रणनीति तैयार की जा रही है ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनी रहे।

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के लिए अस्थायी आवास, शौचालय, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, सहायता केंद्र, विश्राम स्थल, सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। इसके साथ ही स्वच्छ एवं सुंदर कुंभ क्षेत्र के निर्माण के लिए विशेष अभियान संचालित किए जा रहे हैं तथा अतिक्रमण एवं अवैध निर्माणों पर भी प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

बैठक में “हरित हरिद्वार” अभियान की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि कुंभ मेला 2027 को पर्यावरण अनुकूल स्वरूप देने के लिए मेला प्रशासन, जिला प्रशासन एवं हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण के सहयोग से बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण कार्यक्रम चलाया जाएगा। अभियान के प्रथम चरण में 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

बैठक में मेयर किरण जैसल, मेयर शंभू पासवान, अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण, नगर आयुक्त नंदन कुमार, एसपी सिटी अभय सिंह, मेला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कुमार वर्मा, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, उप निदेशक सूचना मनोज श्रीवास्तव सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *