दो बच्चों की मां को भगा ले गया था अविवाहित रोशन, प्रेम संबंध को लेकर विवाद के बाद सात लोगों पर हत्या का मुकदमा
उत्तरकाशी। प्रेम प्रसंग के चलते कुछ लोगों ने एक मोटर मैकेनिक की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत सात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार, चिन्यालीसौड़ थाना क्षेत्र के बधाणा निवासी रोशन लाल (34) पुत्र स्व. नैना लाल गांव के कुछ लोगों के साथ शनिवार शाम को कुटेटी बैरियर की ओर घूमने गया था। इसी दौरान उसके साथ मौजूद लोगों ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की। मारपीट में रोशन गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजनों एवं अन्य लोगों द्वारा घायल रोशन को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
दो बच्चों की मां को भगाकर ले गया था रोशन
मृतक के बड़े भाई संजय लाल ने पुलिस को बताया कि रोशन अविवाहित था। आरोप है कि बीते 29 सितंबर को वह गांव की एक महिला को भगाकर शादी करने के लिए ले गया था। उक्त महिला दो बच्चों की मां बताई गई है।
पुलिस ने रोशन और महिला को रैंस बैरियर के पास पकड़ लिया था। मामले में यह भी सामने आया कि पिछले दिनों एक आरोपी ने रोशन के भाई पक्ष से फोन पर संपर्क कर कथित तौर पर कहा था कि रोशन को कोर्ट भेज दिया जाए, ताकि महिला का उसके पति से तलाक कराया जा सके।
सात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा
रोशन की मौत के बाद उसके बड़े भाई संजय लाल की तहरीर पर थाना कोतवाली में रामलाल, लक्ष्मा देवी, अर्जुन, विकास, मनोज, केशव और विरेंद्र के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
धारासू पुलिस ने हत्या के मामले में कार्रवाई करते हुए अर्जुन, विकास, विरेंद्र और केशव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में फरार आरोपियों की तलाश और घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
बताया गया है कि रोशन की चिन्यालीसौड़ में मोटर मैकेनिक की दुकान थी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
