देहरादून/उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में शुक्रवार को एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून के अनुसार रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.5 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र जमीन की सतह से करीब 7 किलोमीटर की गहराई में पिलंग के जंगलों के आसपास बताया गया।
अचानक धरती हिलने से भटवाड़ी क्षेत्र के लोगों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। हालांकि भूकंप की तीव्रता कम होने के कारण जिले के अन्य क्षेत्रों में इसका विशेष प्रभाव नहीं देखा गया। प्रशासन के अनुसार सभी तहसीलों और थानों से प्राप्त जानकारी में कहीं से भी जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने तथा आपदा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।




