शराब के नशे में डिलीवरी बॉय से मारपीट, सिक्योरिटी गार्ड गिरफ्तार

ओएसिस मॉल परिसर में हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस, शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका में कार्रवाई

देहरादून। सार्वजनिक स्थान पर शराब के नशे में हंगामा करना और डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट करना एक सिक्योरिटी गार्ड को भारी पड़ गया। थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर 2026 की रात थाना नेहरू कॉलोनी को सूचना मिली कि ओएसिस मॉल परिसर में एक व्यक्ति शराब के नशे में हंगामा कर रहा है और सामान की डिलीवरी देने पहुंचे जोमैटो डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट व गाली-गलौज कर रहा है।

सूचना मिलते ही चौकी जोगीवाला से पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि वह और अधिक उग्र हो गया और डिलीवरी बॉय के साथ दोबारा मारपीट करने का प्रयास करने लगा।

शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका में गिरफ्तारी

मौके पर स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस टीम ने आरोपी को धारा 170 बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ओएसिस मॉल में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करता है। शराब के नशे में डिलीवरी बॉय के साथ हुई बहस के दौरान उसके साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई है।

एसएसपी के निर्देश पर हुड़दंगियों के खिलाफ कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, मारपीट और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए एसएसपी देहरादून ने अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में नेहरू कॉलोनी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।

गिरफ्तार अभियुक्त

नाम: महेंद्र सिंह
पिता: स्व. श्री कुला राम
उम्र: 45 वर्ष
निवासी: डी-22, सेक्टर-3, डिफेंस कॉलोनी, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून
पेशा: ओएसिस मॉल में सिक्योरिटी गार्ड

पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

About The Author