लक्सर में ब्लाइंड मर्डर का सनसनीखेज खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

कारोबारी व पारिवारिक रंजिश में अंकित चौहान की हत्या, शव मोटरसाइकिल से बांधकर गंगा में डुबोया

हरिद्वार। लक्सर कोतवाली पुलिस ने गुमशुदगी के एक मामले का खुलासा करते हुए ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने हत्या के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार कारोबारी और पारिवारिक रंजिश के चलते आरोपियों ने अंकित चौहान की हत्या कर उसके शव को मोटरसाइकिल से बांधकर गंगा नदी में डुबो दिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर शव और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार शिवपुरी रायसी निवासी अंकित चौहान 2-3 अगस्त की रात मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था। रास्ते से अचानक उसके लापता होने और मोबाइल फोन बंद मिलने पर परिजनों ने लक्सर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा मोबाइल टावर की लोकेशन, कॉल डिटेल, तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल पुलिसिंग के जरिए संदिग्धों की जानकारी जुटाई गई। जांच में सामने आया कि अंकित की गांव के ही सचिन, मेहकार, कुलवंत और अंकित चौहान उर्फ फौजी से रंजिश चल रही थी।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की बात स्वीकार की। आरोपियों ने बताया कि खनन में इस्तेमाल होने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को लेकर अंकित उनकी मुखबिरी करता था, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा था। इसी रंजिश के चलते उन्होंने अंकित की हत्या की साजिश रची।

पुलिस के अनुसार 2 अगस्त की रात आरोपियों ने रास्ते में अंकित की मोटरसाइकिल रोककर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को मोटरसाइकिल से बांधकर शिवपुरी गांव के पास खुसरो की ठोकर से गंगा नदी में डुबो दिया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एसडीआरएफ और गोताखोरों की मदद से गंगा नदी में तलाश अभियान चलाया। काफी प्रयास के बाद मृतक का शव और मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में धारा 103, 238 और 61(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है।

पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी अंकित चौहान उर्फ फौजी पूर्व में भी थाना खानपुर से संबंधित हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है। चारों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी

  • सचिन पुत्र पवन, निवासी शिवपुरी रायसी, हरिद्वार।
  • मेहकार पुत्र पवन, निवासी शिवपुरी रायसी, हरिद्वार।
  • कुलवंत पुत्र कल्लू, निवासी शिवपुरी रायसी, हरिद्वार।
  • अंकित चौहान उर्फ फौजी पुत्र सुरेश पाल, निवासी शिवपुरी रायसी, हरिद्वार।

बरामदगी

  • मृतक का शव
  • मृतक की मोटरसाइकिल

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोश्यारी, एसएसआई नितिन चौहान, चौकी प्रभारी रायसी राजीव उनियाल, चौकी प्रभारी भीकमपुर यशवीर नेगी समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।

About The Author