चमोली। गत शुक्रवार को पोखरी में उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के काफिले को रोककर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उक्रांद कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय समस्याओं और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर अपनी मांगें उनके समक्ष रखीं।
उक्रांद चमोली के कार्यकर्ताओं ने रोजगार, पलायन, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा से संबंधित समस्याओं को उठाते हुए सरकार से प्रभावी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने राज्य गठन के मूल उद्देश्यों के अनुरूप विकास कार्य नहीं होने का आरोप भी लगाया।
इस दौरान सांसद महेंद्र भट्ट के कथित बयान “चुनाव जीतो, विकास करो” को लेकर भी कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई और सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए। कुछ देर तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा।
पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
पोखरी में उक्रांद कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का किया घेराव




