पर्वतीय जिलों में पार्किंग सुविधाओं का विस्तार, पर्यटकों-श्रद्धालुओं को जाम से राहत
देहरादून। उत्तराखंड में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रदेश सरकार आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दे रही है। चारधाम यात्रा और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए पार्किंग सुविधाओं का तेजी से विकास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आवास विभाग ने पिछले चार वर्षों में 63 पार्किंग परियोजनाओं का कार्य पूरा किया है। इन परियोजनाओं के तहत पर्वतीय जिलों में कुल 4202 वाहनों की पार्किंग क्षमता विकसित की गई है। सरकार का दावा है कि इन पार्किंग सुविधाओं से स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों और श्रद्धालुओं को भी जाम की समस्या से राहत मिली है।
इन जिलों में विकसित हुई पार्किंग क्षमता
- अल्मोड़ा: 1087 वाहन
- नैनीताल: 679 वाहन
- चंपावत: 600 वाहन
- उत्तरकाशी: 477 वाहन
- पिथौरागढ़: 309 वाहन
- रुद्रप्रयाग: 304 वाहन
- पौड़ी: 256 वाहन
- चमोली: 201 वाहन
- टिहरी: 163 वाहन
- बागेश्वर: 126 वाहन
आवास विभाग के अनुसार, स्थान की उपलब्धता और जरूरत के मुताबिक सरफेस पार्किंग, मल्टीलेवल पार्किंग और ऑटोमेटेड पार्किंग जैसी सुविधाओं का निर्माण किया गया है।
नैनीताल में 700 वाहनों की पार्किंग
सरोवर नगरी नैनीताल में पार्किंग की समस्या को देखते हुए प्रदेश सरकार द्वारा मेट्रोपोल होटल परिसर क्षेत्र में पार्किंग का निर्माण कराया जा रहा है। इसके पूरा होने के बाद यहां करीब 700 वाहन पार्क किए जा सकेंगे।
कैंची धाम में बनेगी मल्टीलेवल पार्किंग
प्रसिद्ध कैंची धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है। प्रस्तावित पार्किंग में एक समय में 500 से अधिक वाहनों को खड़ा किया जा सकेगा। इससे कैंची धाम क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
पार्किंग समस्या काफी हद तक हुई हल: डॉ. आर. राजेश कुमार
सचिव, आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के दिशानिर्देशों के क्रम में प्रदेश में पार्किंग सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। पर्वतीय जनपदों में 63 पार्किंग परियोजनाओं का कार्य पूरा होने से पार्किंग की समस्या काफी हद तक कम हुई है। इसका लाभ पर्यटकों, श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को मिल रहा है।
छह करोड़ से अधिक लोग पहुंचे उत्तराखंड: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड देश-दुनिया के पर्यटकों और श्रद्धालुओं का पसंदीदा गंतव्य बन चुका है। पिछले वर्ष छह करोड़ से अधिक लोग प्रदेश पहुंचे। बढ़ती संख्या को देखते हुए यात्री सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। जाम की समस्या से निपटने के लिए प्रमुख पर्यटन स्थलों और चारधाम यात्रा मार्गों पर पार्किंग सुविधाएं विकसित करने पर सरकार का विशेष फोकस है।
