मौसम का डबल अटैक! पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी, मैदानी इलाकों में गर्मी का असर

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदला हुआ नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को राज्य के कई पर्वतीय जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी आशंका है। वहीं 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी देखने को मिल सकती है। इसके अलावा बिजली चमकने और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।
दूसरी ओर देहरादून, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर सहित मैदानी क्षेत्रों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन दिन के समय लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
मौसम विभाग का कहना है कि 25 जून तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में रुक-रुक कर हल्की बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। ऐसे में लोगों को मौसम के बदलते तेवरों को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

About The Author