रेलवे फाटक पर थमी सीएम धामी की फ्लीट, लंबे जाम से रूबरू हुए मुख्यमंत्री

Listen to this article

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की फ्लीट गुरुवार को रायवाला रेलवे फाटक पर कुछ समय के लिए रुक गई। हरिद्वार स्थित निष्काम सेवा ट्रस्ट आश्रम में आयोजित कार्यक्रम से लौटते समय रेलवे फाटक बंद होने के कारण मुख्यमंत्री का काफिला अन्य वाहनों की तरह जाम में फंस गया।

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री धामी शाम करीब चार बजे रायवाला कैंट क्षेत्र स्थित हेलीपैड के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान रायवाला रेलवे क्रॉसिंग पर दो ट्रेनों के गुजरने के कारण रेलवे फाटक बंद कर दिया गया। बताया गया कि हावड़ा एक्सप्रेस और देहरादून-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस के आवागमन के चलते फाटक करीब दो मिनट तक बंद रहा। ट्रेनों के सुरक्षित गुजरने के बाद फाटक खोला गया और मुख्यमंत्री का काफिला हेलीपैड की ओर रवाना हो गया।

रायवाला रेलवे फाटक पर लंबे समय से जाम और यातायात बाधित होने की समस्या बनी हुई है। स्थानीय लोग वर्षों से यहां रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण की मांग कर रहे हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि दिन में कई बार फाटक बंद होने से आम नागरिकों, स्कूली बच्चों, मरीजों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

गौरतलब है कि सितंबर 2024 में भी मुख्यमंत्री की फ्लीट इसी रेलवे फाटक पर कुछ समय के लिए रुकी थी। इसके बाद इस समस्या को लेकर चर्चा तेज हुई थी। राज्य सरकार ने दिसंबर 2025 में रायवाला रेलवे फाटक पर आरओबी निर्माण की घोषणा की थी। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि ओवरब्रिज बनने के बाद इस महत्वपूर्ण मार्ग पर जाम और यातायात अवरोध की समस्या से राहत मिलेगी।

About The Author