कालसी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने शुक्रवार को विकासखंड कालसी के अंतर्गत ग्राम चुणौऊ, खत फरटाड में जिला पंचायत द्वारा राज्य वित्त अनुदान वर्ष 2025-26 के तहत स्वीकृत शिलगुर देवता मंदिर के समीप निर्मित टीन शेड का विधिवत रिबन काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों द्वारा किए गए स्वागत एवं सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम बढ़ैथ के महावीर सिंह, महोन लाल, मन्तराम, मन्दीराम, भोपाल सिंह, बबलू राम, संतराम, सेवाराम, दौलत राम, चतर सिंह एवं सरदार सिंह सहित ग्राम ढलीन के आनंद सिंह तोमर ने भाजपा की नीतियों से असंतोष जताते हुए कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सभी नवप्रवेशियों का कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
सभा को संबोधित करते हुए विधायक प्रीतम सिंह ने कहा कि चकराता विधानसभा क्षेत्र में जितने भी बड़े विकास कार्य हुए हैं, वे कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल में हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा सरकार में विकास की गति थम गई है और आम जनता महंगाई से परेशान है।
उन्होंने कहा कि चकराता क्षेत्र में पर्यटन के विकास के कारण स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिले हैं। नागथात से चकराता और टाइगर फॉल तथा कोटी-कनासर मार्गों पर बड़ी संख्या में होटल और पर्यटन से जुड़े प्रतिष्ठान स्थापित हुए हैं, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।
प्रीतम सिंह ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पेट्रोल, डीजल और सोने के दामों में लगातार वृद्धि हुई है, जिससे आम परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। उन्होंने भाजपा सरकार पर चुनावी वादों को पूरा न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि रोजगार और आर्थिक सहायता जैसे वादे धरातल पर नजर नहीं आए हैं। उन्होंने लोगों से आगामी चुनावों में सरकार से उसके पुराने वादों का हिसाब मांगने की अपील की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने कहा कि प्रदेश और चकराता विधानसभा क्षेत्र में लगातार लोग भाजपा छोड़कर कांग्रेस की ओर आ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र की जनता ने आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को समर्थन देने का मन बना लिया है और प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने की संभावनाएं मजबूत हो रही हैं।
इस अवसर पर कांग्रेस के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष सरदार सिंह तोमर जिला पंचायत सदस्य दीवान सिंह तोमर व कार्यकारी ब्लॉक अध्यक्ष उमादत्त जोशी सहित कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।










