देहरादून। दून पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में एक नामजद आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना रायवाला क्षेत्र में विवाहिता की आत्महत्या के मामले में की गई है।
पुलिस के अनुसार, 26 जून 2026 को जयबीर सिंह निवासी अठूरवाला, जौलीग्रांट ने थाना रायवाला में तहरीर देकर बताया कि उनकी बहन शकुन्तला (33 वर्ष) का विवाह वर्ष 2018 में सुशील बर्थ्वाल निवासी खैरीखुर्द, रायवाला के साथ हुआ था। आरोप है कि विवाह के बाद से ही पति द्वारा लगातार मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाता था। परिजनों ने कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसके व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया।
बताया गया कि लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर शकुन्तला ने 25 जून 2026 को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले में मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर थाना रायवाला में मु0अ0सं0 105/2026 के तहत धारा 108 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पंचायतनामा की कार्रवाई के दौरान मृतका के कपड़ों से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ। उपलब्ध साक्ष्यों, सुसाइड नोट और परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने 27 जून 2026 को आरोपी सुशील बर्थ्वाल (43 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय कुन्दन सिंह, निवासी खैरीखुर्द, थाना रायवाला को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक नमिता सैनी, कांस्टेबल हंसराज तथा कांस्टेबल अनित कुमार शामिल रहे। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।




