हरिद्वार। उत्तराखंड सरकार के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने हरिद्वार के कलियर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए कॉस्मेटिक दुकान की आड़ में चल रहे प्रतिबंधित नशीली दवाओं के कारोबार का पर्दाफाश किया है। टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 3.9 किलोग्राम कोडीन सिरप और बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अहतशाम उल हक निवासी बुड्ढा हैदी, थाना पथरी (हरिद्वार) के रूप में हुई है, जो एहतिशाम कॉस्मेटिक जनरल स्टोर का संचालन करता था। जांच में सामने आया है कि आरोपी का संबंध पहले STF द्वारा पकड़े गए 18 हजार ट्रामाडोल कैप्सूल बरामदगी मामले से भी जुड़ा हुआ है।
STF-ANTF की टीम ने ड्रग इंस्पेक्टर के साथ कलियर क्षेत्र के कई संदिग्ध ठिकानों और गोदामों पर छापेमारी की। कॉस्मेटिक दुकान से वाणिज्यिक मात्रा में नशीली दवाएं बरामद होने के बाद आरोपी के अन्य ठिकानों पर भी दबिश दी गई, जहां से अतिरिक्त प्रतिबंधित दवाएं बरामद हुईं।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी इन दवाओं को बाजार मूल्य से कई गुना अधिक कीमत पर बेचकर अवैध मुनाफा कमा रहा था। STF अब इस पूरे नेटवर्क, सप्लाई चेन और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले भी NDPS Act के मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ वर्ष 2019 में नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े दो मुकदमे दर्ज हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF अजय सिंह ने लोगों से नशे से दूर रहने और नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी सूचना की तत्काल पुलिस या STF-ANTF को देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ड्रग्स माफिया के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
हरिद्वार: कॉस्मेटिक दुकान की आड़ में चल रहा था नशीली दवाओं का कारोबार, STF ने किया बड़ा खुलासा




