देहरादून, 02 जुलाई। नंदा की चौकी–प्रेमनगर को जोड़ने वाला पुल पिछले वर्ष भारी बारिश और नदी में आए तेज बहाव के कारण बह गया था। इसके बाद लोगों की आवाजाही बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा अस्थायी पुल का निर्माण कराया गया, लेकिन मानसून की शुरुआत के बावजूद स्थायी पुल का निर्माण अभी तक पूरा नहीं हो सका है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में अस्थायी पुल पर आवाजाही करना जोखिम भरा है। यदि नदी का जलस्तर बढ़ता है, तो अस्थायी पुल के बहने की आशंका बनी रहती है। ऐसी स्थिति में नंदा की चौकी, प्रेमनगर और आसपास के क्षेत्रों के हजारों लोगों की दैनिक आवाजाही प्रभावित हो सकती है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि स्थायी पुल के निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए और इसे जल्द से जल्द पूरा कर जनता के लिए खोल दिया जाए। उनका कहना है कि समय रहते पुल का निर्माण पूरा नहीं हुआ तो मानसून के दौरान लोगों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
स्थानीय नागरिकों का मानना है कि यह पुल क्षेत्र की जीवनरेखा है और इसके स्थायी निर्माण में हो रही देरी जनहित के दृष्टिकोण से चिंता का विषय है। लोगों ने प्रशासन से निर्माण कार्य को युद्धस्तर पर पूरा कर सुरक्षित एवं सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने की अपील की है।



