देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के कंडोली-बिधौली इलाके में आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा से तस्करी कर लाई गई 19 पेटी शराब और बियर बरामद की। विभाग के अनुसार, आरोपी क्षेत्र के कॉलेज छात्रों को शराब की होम डिलीवरी कर बिक्री कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी विक्रांत उर्फ गर्वित अपनी कार छोड़कर मौके से फरार हो गया, जबकि तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रभारी सहायक आबकारी आयुक्त प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में जनपदीय प्रवर्तन दल देहरादून और आबकारी टीम मसूरी ने कंडोली-बिधौली क्षेत्र में दबिश दी। टीम ने मौके से एक चारपहिया वाहन और तीन स्कूटी जब्त कीं। बरामद शराब में ‘For Sale in Chandigarh Only’ अंकित 10 पेटी अंग्रेजी/इंपोर्टेड शराब और नौ पेटी बियर शामिल हैं।
हरियाणा से शराब लाकर छात्रों को होम डिलीवरी
आबकारी विभाग को सूचना मिली थी कि कंडोली-बिधौली क्षेत्र में हरियाणा से शराब लाकर कॉलेज छात्रों को होम डिलीवरी के माध्यम से बेची जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने दबिश देकर कथित शराब तस्करी का भंडाफोड़ किया। मुख्य आरोपी विक्रांत उर्फ गर्वित टीम को देखकर अपनी चारपहिया गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। विभाग उसकी तलाश में जुटा है।
तीन आरोपी गिरफ्तार
मौके से अंकुश, सौरभ और पिंकी, तीनों निवासी हरियाणा, को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के खिलाफ धारा 63/72 आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। तीनों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक मसूरी दिवाकर चौधरी, जयवीर सिंह, उप आबकारी निरीक्षक उमराव सिंह राठौर, आशीष प्रकाश और अर्जुन सिंह समेत हेड कांस्टेबल राकेश नाथ, गोविंद सिंह, हेमंत, नौशाद और रीनू कुमार सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
