निर्माण कार्यों, खरीद और सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोपों पर एडीएम से मांगी विस्तृत जांच रिपोर्ट

देहरादून। हरबर्टपुर नगर पालिका परिषद में विभिन्न विकास कार्यों और खरीद प्रक्रियाओं में कथित वित्तीय अनियमितताओं तथा सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोपों की अब आधिकारिक जांच होगी। गढ़वाल मंडल के आयुक्त ने इस संबंध में अपर जिलाधिकारी (प्रभारी अधिकारी, स्थानीय निकाय), देहरादून को मामले की विस्तृत जांच कर जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरबर्टपुर नगर पालिका परिषद के वार्ड संख्या-04 आसनबागा के सभासद विनोद कश्यप ने 2 जून 2026 को गढ़वाल आयुक्त को शिकायत भेजकर नगर पालिका में विभिन्न मदों में वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाया था।
शिकायत में निर्माण कार्यों, आवश्यक सामग्री की खरीद, वाहन ईंधन एवं मरम्मत, स्वच्छता सामग्री, विद्युत सामग्री, चूना खरीद, बायोवेस्ट डिकंपोजर, फॉगिंग कार्य सहित कई मदों में सरकारी धन के दुरुपयोग और वित्तीय गड़बड़ियों का आरोप लगाया गया है।
शिकायत का संज्ञान लेते हुए गढ़वाल आयुक्त ने संबंधित शिकायत की प्रति अपर जिलाधिकारी/प्रभारी अधिकारी, स्थानीय निकाय, देहरादून को अग्रेषित करते हुए निर्देश दिए हैं कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर तथ्यों के आधार पर विस्तृत जांच आख्या यथाशीघ्र उपलब्ध कराई जाए।
अब इस मामले में स्थानीय निकाय विभाग की जांच रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और यदि अनियमितताएं पाई जाती हैं तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध क्या कार्रवाई की जाएगी।



