टिहरी गढ़वाल। थाना लक्ष्मणझूला क्षेत्र के अंतर्गत गुलर के सिरासू पुल के पास रविवार को गंगा नदी में स्नान के दौरान एक युवक तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। युवक अपने चार दोस्तों के साथ मेरठ (उत्तर प्रदेश) से घूमने आया था।
घटना की सूचना मिलते ही SDRF की डीप डाइविंग टीम ढालवाला से मौके पर पहुंची और लक्ष्मणझूला पुलिस के साथ संयुक्त रूप से सर्च अभियान शुरू किया। गंगा का जलस्तर सामान्य से अधिक होने के बावजूद टीम ने विशेष डीप डाइविंग उपकरणों और कांटों की सहायता से संभावित स्थानों पर घंटों तक तलाश की।
देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। SDRF अधिकारियों ने बताया कि सोमवार सुबह दोबारा सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा।
डूबे युवक की पहचान सार्थक (23 वर्ष), पुत्र विनोद कुमार, निवासी खाकर खेड़ा बाईपास, मेरठ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
बारिश के मौसम में नदियों का जलस्तर अचानक बढ़ने की आशंका रहती है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गंगा सहित अन्य नदियों में स्नान करते समय पूरी सावधानी बरतें और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
गंगा में नहाते समय मेरठ का युवक तेज बहाव में बहा, SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी




