मसूरी। बॉलीवुड अभिनेता शाहिद कपूर वीकेंड पर मसूरी पहुंचे, जहां उन्होंने प्रतिष्ठित वुडस्टॉक स्कूल का दौरा किया। बताया जा रहा है कि वह अपनी बेटी के स्कूल में प्रवेश की प्रक्रिया के सिलसिले में यहां आए थे।
दौरे के दौरान शाहिद कपूर ने विद्यालय के मुख्य भवन, छात्रावास, कैफेटेरिया और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने स्कूल की व्यवस्थाओं की सराहना की और मसूरी के प्राकृतिक सौंदर्य का भी आनंद लिया।
वर्तमान में वुडस्टॉक स्कूल में वर्ष का दूसरा समर प्रोग्राम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देश-विदेश से आए 151 छात्र भाग ले रहे हैं। करीब 12 दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक, रचनात्मक, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
शाहिद कपूर के स्कूल पहुंचने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और प्रशंसकों की भीड़ वहां जुट गई। अभिनेता ने अपने प्रशंसकों का अभिवादन किया और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
मसूरी पहुंचे बॉलीवुड अभिनेता शाहिद कपूर, बेटी के एडमिशन के लिए पहुंचे वुडस्टॉक स्कूल




