मसूरी में उत्तराखंड परिवहन निगम का टेंपो ट्रैवलर पलटा, 17 यात्री घायल

गलोगीधार के पास ब्रेक फेल होने पर चालक ने पहाड़ से टकराकर रोका वाहन, खाई में गिरने से टला बड़ा हादसा

मसूरी। मसूरी-देहरादून मार्ग पर गलोगीधार के पास गुरुवार को उत्तराखंड परिवहन निगम का टेंपो ट्रैवलर अचानक दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में वाहन सवार 17 यात्री घायल हो गए, जिनमें एक यात्री को गंभीर चोटें आने की सूचना है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मसूरी से देहरादून की ओर जाते समय टेंपो ट्रैवलर के अचानक ब्रेक फेल हो गए। वाहन की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को खाई की ओर जाने से रोकने के लिए पहाड़ की तरफ मोड़ दिया। वाहन पहाड़ से टकराने के बाद सड़क पर पलट गया।

स्थानीय लोगों ने यात्रियों को बाहर निकाला

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर वाहन पलटा देखकर आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों ने अपने वाहन रोक दिए। स्थानीय लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की।

सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायल यात्रियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

चालक के अनुसार, अचानक ब्रेक फेल होने के बाद वाहन को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया, लेकिन स्थिति बिगड़ती देख उन्होंने टेंपो ट्रैवलर को पहाड़ की ओर मोड़ दिया। चालक का कहना है कि यदि वाहन खाई की तरफ चला जाता तो हादसा कहीं अधिक गंभीर हो सकता था।

एक यात्री ने बताया कि सफर सामान्य चल रहा था, तभी अचानक वाहन पलट गया। यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और वाहन के अंदर चीख-पुकार मच गई।

पुलिस कर रही हादसे की जांच

मसूरी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र चौहान ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में वाहन के ब्रेक फेल होने की बात सामने आई है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *