दून पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’ जारी, सार्वजनिक शांति भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई
देहरादून। उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों पर बाहरी राज्यों से आने वाले कुछ पर्यटकों द्वारा लगातार सामने आ रही हुड़दंग और कानून व्यवस्था बिगाड़ने की घटनाओं के बीच दून पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत मसूरी सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर उपद्रव मचाने वाले छह लोगों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, 29 जून को डायल-112 पर सूचना मिली कि मसूरी स्थित बाटा शोरूम के पास कुछ युवक सार्वजनिक स्थान पर अभद्र व्यवहार करते हुए आपस में मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी पुलिस मौके पर पहुंची, जहां विवाद के कारण अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ था और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नीरज राघव (36 वर्ष), निवासी गुरुग्राम, हरियाणा को हिरासत में लेकर चिकित्सीय परीक्षण कराया और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उसके वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जिले के सभी थाना प्रभारियों को सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने, मारपीट करने तथा शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में जिलेभर में लगातार गश्त और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि हाल के दिनों में मसूरी, देहरादून और अन्य पर्यटन स्थलों पर बाहरी राज्यों से आने वाले कुछ पर्यटकों द्वारा यातायात नियमों की अनदेखी, सार्वजनिक स्थानों पर अभद्र व्यवहार और मारपीट जैसी घटनाओं में बढ़ोतरी देखी गई है। ऐसे मामलों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी सार्वजनिक शांति भंग करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




