पालतू कुत्तों के विवाद ने लिया खूनी मोड़, दरोगा और बेटे पर धारदार हथियार से हमला

Listen to this article

छह नंबर पुलिया की आदर्श कॉलोनी में दो पक्षों के बीच मारपीट, पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर मुकदमा किया दर्ज

देहरादून। राजधानी के नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित छह नंबर पुलिया की आदर्श कॉलोनी में पालतू कुत्तों को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। घटना में देहरादून कोतवाली में तैनात एक दरोगा और उनका बेटा घायल हो गए। दोनों के सिर पर धारदार हथियार से हमला किए जाने का आरोप है। घायलों का उपचार दून अस्पताल में कराया गया, जबकि पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, देहरादून कोतवाली परिसर निवासी दरोगा नवीन भारद्वाज दो जुलाई को अपने पोते के मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आदर्श कॉलोनी आए थे। कार्यक्रम के बाद रात में वह अपने पालतू कुत्ते को चेन से बांधकर वाहन की ओर लौट रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोसी धर्मेंद्र प्रसाद भट्ट के घर से एक पिटबुल कुत्ता बाहर निकल आया और उनके कुत्ते पर हमला कर दिया।

दरोगा का आरोप है कि जब उन्होंने और उनके बेटे ने अपने कुत्ते को छुड़ाया तो दूसरे पक्ष ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और आरोपित लाठी-डंडों व धारदार हथियार लेकर सड़क पर आ गए। आरोप है कि इस दौरान दरोगा नवीन भारद्वाज के सिर पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे वह मौके पर बेहोश हो गए। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके बेटे को भी घायल कर दिया गया।

घायलों को तत्काल दून अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान दरोगा के सिर में छह तथा उनके बेटे के सिर में दो टांके लगाए गए। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान दरोगा के गले से सोने की चेन छीन ली गई और परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।

पुलिस ने दरोगा की तहरीर पर धर्मेंद्र भट्ट, अंकित भट्ट, महेंद्र भट्ट, अंजलि भट्ट समेत 5-6 अन्य लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

वहीं, नेहरू कॉलोनी थाना प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि घटना में दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आई हैं। दोनों ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। फिलहाल एक पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जबकि दूसरे पक्ष की शिकायत की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

About The Author