देहरादून। उत्तराखंड पुलिस के “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने दो नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 46 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 13 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी को भी सीज कर दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपदभर में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान 6 जुलाई को थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने फव्वारा चौकी क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने तरुण उर्फ चीनू और विकास को संदिग्ध अवस्था में रोककर तलाशी ली, जिसमें उनके कब्जे से 46 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना नेहरू कॉलोनी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/29/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे स्मैक उत्तर प्रदेश के नजीबाबाद से खरीदकर देहरादून लाए थे। दोनों स्वयं भी नशे के आदी हैं और कुछ स्मैक अपने सेवन के लिए रखने के साथ बाकी को स्थानीय नशा करने वालों को ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में थे। इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरुण उर्फ चीनू (23 वर्ष), निवासी ब्रह्मपुरी, पटेलनगर, देहरादून तथा विकास (18 वर्ष), मूल निवासी मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश), वर्तमान निवासी चंद्रबनी, देहरादून के रूप में हुई है।
यह कार्रवाई फव्वारा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक धनीराम पुरोहित के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस का कहना है कि प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए “ऑपरेशन प्रहार” के तहत आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
46 ग्राम स्मैक के साथ दो नशा तस्कर गिरफ्तार, 13.80 लाख की स्मैक बरामद




