सीएम धामी के निर्देश पर बदरीनाथ धाम चढ़ावा मामले की हाईलेवल जांच, गढ़वाल कमिश्नर की अध्यक्षता में बनी 3 सदस्यीय समिति

Listen to this article

देहरादून, 7 जुलाई। श्री बदरीनाथ धाम में दान-चढ़ावे में कथित चोरी एवं अनियमितताओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर उत्तराखंड शासन ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है। इसके साथ ही बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के निजी सचिव प्रमोद नौटियाल को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल द्वारा जारी आदेश के अनुसार गठित समिति की अध्यक्षता गढ़वाल मंडल आयुक्त करेंगे। समिति में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के प्रबंध निदेशक संदीप तिवारी तथा महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग कार्यालय के निदेशक (वित्त) जगत सिंह चौहान को सदस्य बनाया गया है।

शासन के आदेश के अनुसार समिति श्री बदरीनाथ धाम में प्राप्त दान-चढ़ावे से संबंधित कथित अनियमितताओं की विस्तृत जांच करेगी और 15 दिनों के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट एवं संस्तुतियां शासन को सौंपेगी।

जांच के दौरान समिति आवश्यकतानुसार संबंधित अधिकारियों, विशेषज्ञों तथा अन्य व्यक्तियों का सहयोग एवं परामर्श भी ले सकेगी। साथ ही दान-चढ़ावे की व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सुधारात्मक सुझाव भी सरकार को देगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई को धार्मिक संस्थानों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब प्रदेशवासियों की नजरें समिति की जांच रिपोर्ट और उसके आधार पर होने वाली आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।

About The Author