📅 09 जुलाई 2026 | 🕘 09:00 AM
देहरादून। मसूरी क्षेत्र स्थित कियाना होमस्टे में 15 जून 2026 को फरपुड़ी निवासी राधा गायत्री की रहस्यमय परिस्थितियों में हुई मृत्यु के मामले में जिला प्रशासन ने मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
इस मामले में कोतवाली मसूरी में मुकदमा अपराध संख्या-19/26 के तहत धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस जांच के दौरान पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का स्पष्ट कारण सामने नहीं आने पर जिलाधिकारी देहरादून ने मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच कराने का निर्णय लिया।
जिलाधिकारी के 06 जुलाई 2026 के आदेश के अनुपालन में उप जिलाधिकारी (एसडीएम) मसूरी राहुल आनंद को मामले का जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।
एसडीएम मसूरी द्वारा जारी सूचना के अनुसार, यदि किसी व्यक्ति के पास इस घटना से संबंधित कोई तथ्य, जानकारी या साक्ष्य उपलब्ध हैं, तो वह 17 जुलाई 2026 तक किसी भी कार्यदिवस में उप जिलाधिकारी मसूरी के न्यायालय/कार्यालय, देहरादून में स्वयं उपस्थित होकर अथवा लिखित रूप में अपने साक्ष्य प्रस्तुत कर सकता है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराई जाएगी तथा प्राप्त साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।




